Breakfast Recipe: सुबह के नाश्ते में अक्सर महिलाओं को समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए, जो खाने में हेल्दी भी हो और स्वादिष्ट भी। ऐसे में आप मूंग दाल कटलेट बनाकर खा सकते हैं। यह बाहर से क्रिस्पी और अंदर से काफी सॉफ्ट होता है। इसके साथ ही इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में मिलता है। यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इस लेख में हम मूंग दाल कटलेट बनाने का तरीका जानेंगे, जिसकी मदद से आप इसे आसानी से घर पर बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री:
मूंग दाल – 1 कप।
प्याज – 1।
हरी मिर्च – 2।
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा।
चावल का आटा – 2 बड़े चम्मच।
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच।
जीरा पाउडर – ½ चम्मच।
चाट मसाला – ½ चम्मच।
नमक – स्वादानुसार।
तेल – फ्राई करने के लिए।
विधि
- सबसे पहले मूंग दाल को धोकर 3 से 4 घंटे के लिए भिगो दें।
- इसके बाद भीगी हुई दाल का पानी निकालकर उसे मिक्सर में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बहुत ज्यादा महीन न हो।
- अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, हरा धनिया, जीरा पाउडर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- इसके बाद बाइंडिंग के लिए इसमें चावल का आटा डालें और सभी सामग्री को अच्छे से मिक्स कर लें। अब हाथों पर थोड़ा-सा तेल लगाकर मिश्रण से छोटी-छोटी कटलेट तैयार कर लें।
- फिर गैस पर तवा गर्म करें और उस पर 2 से 3 चम्मच तेल डालें। तैयार कटलेट को तवे पर रखें और दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें। अगर आप कम तेल खाना चाहते हैं, तो इन कटलेट्स को एयर फ्रायर में भी बेक करके खा सकते हैं।