Makki Ki Roti Tips: सर्दियों के मौसम में सरसों के साग के साथ मक्के की रोटी बड़े चाव से खाई जाती है। हालांकि, मक्के की रोटी बनाते समय कई लोग इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि रोटी बेलते या तवे पर डालते समय फट जाती है या फिर पलटते ही टूटने लगती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो यह लेख आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। आज इस लेख में हम आपको मक्के की रोटी बनाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं, जिससे रोटी न तो बनाते समय फटेगी और न ही तवे पर पलटते समय टूटेगी। तो चलिए जानते हैं मक्के की रोटी बनाने का सही तरीका।

मक्के की रोटी बनाने के लिए आटा गूंथने का सही तरीका
मक्के की रोटी बनाने के लिए सबसे जरूरी है आटा गूंथने का सही तरीका। रोटी तभी अच्छी बनती है, जब आटा सही तरीके से गूंथा गया हो। इसके लिए आटे की सही मात्रा और पानी का संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है। आपको बता दें कि मक्के के आटे में गेहूं के आटे की तरह ग्लूटेन नहीं होता है। इसलिए इसे थोड़ा अलग तरीके से गूंथना पड़ता है। 

मक्के की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मक्के का आटा डालें। इसमें स्वादानुसार थोड़ा नमक मिला लें। अब हल्का गर्म पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालना शुरू करें। ध्यान रखें कि एक बार में बहुत ज्यादा पानी न डालें, क्योंकि इससे आटा जरूरत से ज्यादा गीला हो सकता है। शुरुआत में चम्मच की मदद से आटे और पानी को अच्छी तरह मिला लें, ताकि गर्म पानी से हाथ न जले। 

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और दोनों हथेलियों के बीच हल्के हाथों से दबाकर गोल आकार दें। अगर लोई बनाते समय उसमें दरारें आ रही हैं, तो थोड़ा सा पानी लगाकर उसे दोबारा अच्छी तरह मसल लें। मक्के की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ चकला तैयार रखें। अब लोई को चकले पर रखकर हथेली की मदद से हल्के-हल्के दबाना शुरू करें। लोई को बीच से किनारों की तरफ दबाते हुए गोल आकार दें।

मक्के की रोटी सेंकने का सही तरीका
अब गैस पर तवा रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें। जब तवा गर्म हो जाए, तो मक्के की रोटी को सावधानी से उस पर डालें। शुरुआत में रोटी को एक तरफ से पकने दें। जब नीचे की तरफ हल्के भूरे निशान दिखाई देने लगें, तब सावधानी से रोटी को पलट दें और दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंक लें। रोटी को बहुत देर तक तवे पर न रखें, क्योंकि ज्यादा सेंकने से वह सूखकर सख्त हो सकती है।।