Leftover Rice Recipe: ज्यादातर भारतीय घरों में चावल रोज बनाए जाते हैं। ऐसे में कई बार चावल खाने के बाद बच जाते हैं, जिन्हें लोग दोबारा इस्तेमाल करने के बजाय फेंक देते हैं। अब क्या किया जाए? हम आपको बचे हुए चावल से बनने वाली कुछ टेस्टी रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो बनाने में बहुत ही आसान हैं और खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगती हैं।
दही चावल
बचे हुए चावल से आप दही चावल बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले चावल को चम्मच की मदद से थोड़ा मैश कर लें। इसमें दही और थोड़ा दूध डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, उड़द दाल और कड़ी पत्ता डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें तैयार दही-चावल का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिला लें।
चटपटे चावल
आप बचे हुए चावल से चटपटे चावल भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई, उड़द दाल और कड़ी पत्ता डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद बचे हुए चावल डालकर अच्छी तरह मिला लें। आप इसमें मूंगफली डालकर भी इसे स्वादिष्ट बना सकते हैं।
फ्राइड राइस
बचे हुए चावल से आप आसानी से फ्राइड राइस भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें प्याज, गाजर, बीन्स और मटर डालकर अच्छी तरह भून लें। अब इसमें बचे हुए चावल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। जरूरत के अनुसार नमक और मसाले डालें और गर्मागर्म सर्व करें।
रसम चावल
बचे हुए चावल से रसम चावल भी बनाया जा सकता है। इसके लिए दाल, टमाटर और रसम पाउडर की मदद से रसम तैयार करें। इसके बाद इसमें तड़का लगाएं। अब गरम रसम को बचे हुए चावल के ऊपर डालें और अच्छी तरह मिलाकर गर्मागर्म सर्व करें।