Leftover Rice Recipe: अक्सर घर में चावल बच जाते हैं। ऐसे में महिलाओं को समझ में नहीं आता कि वह बचे हुए चावलों का क्या करें। ज्यादातर लोग उन्हें दोबारा फ्राई करके खा लेते हैं। लेकिन कुछ लोगों को दोबारा फ्राई करके चावल खाना पसंद नहीं होता है। ऐसे में आज हम आपके लिए बहुत ही टेस्टी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो हर किसी को पसंद आएगी। आप बचे हुए चावलों से चाइनीज मंचूरियन बनाकर खा सकते हैं। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को काफी ज्यादा पसंद होती है। तो चलिए बताते हैं कि आपको कैसे बचे हुए चावल से मंचूरियन तैयार करना है।
सामग्री
बचे हुए चावल दो कप। बारीक कटी हुई सब्जियां (गाजर, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, प्याज) दो कप। अदरक-लहसुन का पेस्ट दो चम्मच। कॉर्नफ्लोर एक चम्मच। मैदा दो चम्मच। लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच। काली मिर्च पाउडर आधा चम्मच। नमक स्वादानुसार। तेल। सोया सॉस एक चम्मच। रेड चिली सॉस एक चम्मच। टोमैटो केचप दो चम्मच।
विधि
इसे बनाने के लिए आप सबसे पहले एक बड़े बाउल में बचे हुए चावल डालें। इसे आप हाथ की मदद से अच्छी तरीके से मैश कर लें। अब आप इसमें बारीक कटी हुई सब्जियां, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिला लें। इसके बाद आप मिश्रण को बांधने के लिए इसमें मैदा और कॉर्नफ्लोर डालकर बिना पानी मिलाए अच्छी तरीके से गूंद लें। अगर आपको मिश्रण ज्यादा ढीला लग रहा है तो इसमें आप थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर और मिला लें। फिर आप हाथों पर तेल लगाएं और छोटे-छोटे बॉल्स तैयार कर लें।
अब आप कढ़ाई गैस पर रखें और उसमें तेल डालकर गर्म कर लें। इसके बाद आप बनी हुई बॉल्स को गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तल लें।
अब आप मंचूरियन की ग्रेवी तैयार करें। इसके लिए आप एक कढ़ाई में तेल डालें। इसके बाद इसमें लहसुन और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरीके से भून लें। उसके बाद आप इसमें प्याज और शिमला मिर्च डालकर हल्का सा पका लें। फिर आप स्लो गैस पर सोया सॉस, चिली सॉस और टोमैटो केचप डालकर अच्छी तरीके से मिला लें। इसके बाद इसमें आधा कप पानी डालें और उबाल आने दें।
ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए इसमें कॉर्नफ्लोर का घोल डालकर मिलाएं। इसे आप लगातार चलाते रहें। अब आप इसमें मंचूरियन बॉल्स डाल दें और इसे अच्छी तरीके से टॉस करें। जब सभी बॉल्स अच्छे तरीके से मिक्स हो जाएं, तब आप गैस बंद कर दें। इसके बाद आप इस पर हरी प्याज काटकर डाल दें और गरमा-गरम सर्व करें।