How to Store Malai: भारतीय किचन में आपको मलाई आसानी से मिल जाती है। वहीं, महिलाएं प्रतिदिन दूध से मलाई निकालकर इकट्ठा करती हैं, ताकि बाद में उससे घी या मक्खन निकाला जा सके। वहीं, कई महिलाएं इस बात को लेकर परेशान रहती हैं कि मलाई खट्टी होने पर उसमें अजीब-सी बदबू आने लगती है। कई बार फ्रिज में रखी मलाई में फंगस भी लग जाती है। अगर आप भी ऐसी किसी परेशानी का सामना कर रही हैं, तो आपको मलाई स्टोर करने का सही तरीका पता होना जरूरी है।

ऐसे में आज हम आपको इससे जुड़ी तमाम जानकारी देंगे। इसके बाद आप आसानी से मलाई को लंबे समय तक स्टोर करके रख सकेंगी। तो चलिए जानते हैं कि आप मलाई को महीनों तक एकदम फ्रेश कैसे रख सकती हैं।आपको बता दें कि अगर आप मलाई को सही तरीके से या सही तापमान पर नहीं रखती हैं, तो मलाई का स्वाद बदल सकता है। कई बार नमी और हवा के संपर्क में आने की वजह से मलाई पर काले या हरे रंग की फंगस लग जाती है, जिससे पूरी मलाई खराब हो जाती है। ऐसे में जब आप खराब मलाई से घी निकालती हैं, तो घी बहुत कम मात्रा में निकलता है और उसमें अजीब तरह की बदबू भी आती है।

अपनाएं ये टिप्स

- मलाई को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए आप उसे फ्रिज में नहीं, बल्कि फ्रीजर में स्टोर करें।
-  रोजाना दूध से निकली ठंडी मलाई को एक साफ और एयरटाइट स्टील या प्लास्टिक के डिब्बे में रखें। इसके बाद डिब्बे को अच्छी तरह बंद करके सीधे फ्रीजर में रख दें। फ्रीजर का कम तापमान मलाई को लंबे समय तक सुरक्षित बनाए रखता है। ऐसे में बैक्टीरिया और फंगस पैदा नहीं होते हैं। 
- वहीं, जब आपका डिब्बा पूरी तरह भर जाए और आपको घी निकालना हो, तो डिब्बे को 4 से 5 घंटे पहले फ्रीजर से बाहर निकालकर सामान्य तापमान पर रख दें। इसके बाद मलाई का उपयोग करके आसानी से घी या मक्खन तैयार किया जा सकता है।