Healthy Breakfast: भारतीय घरों में ज्यादातर लोग सुबह के समय पराठा खाना पसंद करते हैं। वहीं, गर्मियों के मौसम में हर रोज पराठे खाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कई लोग ब्रेड या अन्य हल्के नाश्ते का विकल्प चुनते हैं। अगर आप पराठा और ब्रेड खाकर बोर हो गए हैं, तो ऐसे में मूंग दाल उत्तपम बनाकर खा सकते हैं। यह बहुत जल्दी बनकर तैयार हो जाता है और प्रोटीन से भरपूर भी होता है। आज हम आपके साथ मूंग दाल उत्तपम बनाने की आसान रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और यह झटपट तैयार हो जाता है। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।

सामग्री
मूंग दाल – 1 कप
अदरक – 1 इंच टुकड़ा
हरी मिर्च – 2
करी पत्ता – 8 से 10
जीरा – 1 चम्मच
काली मिर्च – आधा चम्मच
बेसन – 2 बड़े चम्मच
सूजी – 2 बड़े चम्मच
दही – आधा कप
नमक – स्वादानुसार
बेकिंग सोडा – 1/4 चम्मच
गाजर, शिमला मिर्च और प्याज – बारीक कटे हुए

विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को 2 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
-  इसके बाद दाल को पानी से निकालकर मिक्सर जार में डाल दें। 
- अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, जीरा, काली मिर्च, बेसन, सूजी, दही, नमक और थोड़ा सा पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें।
- इसके बाद तैयार पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकाल लें। अब इसमें बेकिंग सोडा और थोड़ा सा पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें।
- अब गैस पर तवा रखकर गर्म करें और उस पर थोड़ा सा बटर या तेल लगा दें। इसके बाद तैयार बैटर को तवे पर फैलाएं। ऊपर से गाजर, शिमला मिर्च और प्याज डाल दें। फिर किनारों पर थोड़ा सा तेल डालकर मध्यम आंच पर सेंक लें।
- जब उत्तपम एक तरफ से सुनहरा हो जाए, तो उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें। आपका स्वादिष्ट मूंग दाल उत्तपम बनकर तैयार है। इसे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।

नारियल की चटनी बनाने की विधि
नारियल की चटनी बनाने के लिए मिक्सर जार में सूखा नारियल, इमली, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, काली मिर्च, करी पत्ता और नमक डालकर अच्छी तरह पीस लें। इसके बाद तैयार चटनी में राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च और उड़द दाल का तड़का लगा दें। आपकी स्वादिष्ट नारियल चटनी तैयार है। इसे मूंग दाल उत्तपम के साथ परोसें।