Homemade Kurkure Recipe: आजकल बच्चों को घर के खाने की बजाय बाहर का खाना काफी ज्यादा पसंद आता है। ऐसे में आजकल ज्यादातर बच्चे कुरकुरे के दीवाने होते हैं और इसे खाने की जिद करते हैं। वहीं, मार्केट में इसके कई फ्लेवर और वैरायटी मिल जाती हैं। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को काफी पसंद आता है। ऐसे में ज्यादा लोग शाम की चाय के साथ कुरकुरे खाना पसंद करते हैं। अगर आप चाहें, तो इसे घर पर भी बनाकर खा सकते हैं। आज हम आपकी मदद के लिए घर पर ही कुरकुरे बनाने की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसे बनाने के लिए बचे हुए चावलों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह रेसिपी सभी को काफी पसंद आएगी। इसे आप शाम की चाय के साथ एंजॉय कर सकते हैं।

कुरकुरे बनाने की सामग्री:

बचे हुए चावल – 2 कप
चावल का आटा – 2 बड़े चम्मच
कॉर्नफ्लोर – 3 बड़े चम्मच
उबला हुआ आलू – 1
चाट मसाला – 1 चम्मच
जीरा पाउडर – ½ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
काली मिर्च पाउडर – ¼ चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – तलने के लिए

बनाने की विधि
- सबसे पहले बचे हुए चावलों को हल्का-सा मैश कर लें। इसके बाद इन्हें मिक्सर जार में डालकर दरदरा पीस लें। अब इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें।

- इसमें मैश किया हुआ उबला आलू डालें। फिर चावल का आटा, कॉर्नफ्लोर, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, नमक, चाट मसाला और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।

- अब तैयार मिश्रण से कुरकुरे का आकार देकर लंबी-लंबी स्टिक तैयार कर लें।

- इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और सभी कुरकुरों को गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें। तलने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें।

आपके स्वादिष्ट कुरकुरे तैयार हैं। इन्हें सॉस या चटनी के साथ सर्व करें। चाहें तो इन्हें तेल में तलने की बजाय एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं।