Jamun Masala Shikanji: गर्मी के मौसम में ज्यादातर घरों में शिकंजी बनाकर पी जाती है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। वहीं, जिन लोगों को सादा पानी पीना पसंद नहीं होता, वे अलग-अलग तरह की शिकंजी बनाकर पीना पसंद करते हैं। अगर आप भी हर बार एक ही तरह की शिकंजी पीकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। ऐसे में आज हम आपके साथ शिकंजी की एक बेहद टेस्टी और रिफ्रेशिंग रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। इसे बनाने के लिए आपको सिर्फ कुछ आसान बदलाव करने होंगे और आपकी शिकंजी का स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा। आइए जानते हैं जामुन मसाला शिकंजी बनाने की आसान रेसिपी।

जामुन मसाला शिकंजी स्वाद के साथ-साथ अपने आकर्षक रंग की वजह से भी काफी पसंद की जाती है। जामुन की प्राकृतिक मिठास और नींबू की हल्की खटास इसका स्वाद बेहद लाजवाब बना देती है। इसमें भुना जीरा और काला नमक मिलाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

बनाने की विधि

सबसे पहले जामुन के बीज निकालकर उसका गूदा अलग कर लें। अब एक बर्तन में 2 से 3 नींबू का रस निकालें। इसमें जामुन का गूदा डालें। इसके बाद काला नमक, आधा चम्मच भुना जीरा, स्वादानुसार नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े डालकर मिक्स करें। तैयार शिकंजी को गिलास में निकालें। चाहें तो गिलास के किनारों पर काला नमक और चाट मसाला लगाकर इसे और भी आकर्षक बना सकते हैं। आखिर में बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडी-ठंडी जामुन मसाला शिकंजी सर्व करें।