सर्दियों के मौसम में आलू के पराठे और गोभी के पराठे का सेवन काफी ज्यादा किया जाता है। ऐसे में ज्यादातर लोग इनके साथ अचार खाना पसंद करते हैं। अगर आप भी गोभी का अचार बनाना चाहते हैं, तो आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना होगा। इन्हें अपनाकर आप घर पर ही बहुत स्वादिष्ट गोभी का अचार तैयार कर सकते हैं।
आपको बता दें कि कई लोगों को लगता है कि अचार बनाने के लिए तेज धूप की जरूरत होती है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। अगर धूप नहीं है, तब भी आप गोभी का अचार बना सकते हैं। इसके लिए गोभी को अच्छी तरह सुखाना और मसालों की सही मात्रा का इस्तेमाल करना जरूरी है।
सामग्री
फूल गोभी – 750 ग्राम
सरसों का तेल – आधा कप
सफेद सिरका – 2 चम्मच
सरसों के दाने – 2 चम्मच
सौंफ – 2 चम्मच
मेथी दाना – 1 चम्मच
कलौंजी – 1 चम्मच
हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
हींग – 1 चुटकी
नमक – स्वादानुसार
विधि
गोभी का अचार बनाने के लिए सबसे पहले फूल गोभी को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसे गुनगुने नमक वाले पानी में 5 से 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। ऐसा करने से गोभी के अंदर छिपे कीड़े और गंदगी बाहर निकल जाते हैं।
अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा नमक और हल्दी डाल दें। इसमें गोभी के टुकड़े डालकर करीब 3 मिनट तक रखें। ध्यान रखें कि गोभी को ज्यादा नहीं पकाना है। हल्की कड़ी गोभी अचार में अच्छी लगती है।
इसके बाद गोभी को पानी से निकालकर साफ कपड़े या थाली में फैला दें। इसे करीब 2 घंटे तक हवा में सूखने के लिए रख दें। अगर धूप है, तो धूप में भी सुखा सकते हैं। धूप न होने पर पंखे के नीचे रखकर सुखाएं। ध्यान रखें कि गोभी में बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि पानी रहने से अचार खराब हो सकता है।
अब एक कड़ाही में सरसों के दाने, सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी डालकर करीब 1 मिनट तक हल्का भून लें। ठंडा होने के बाद इन्हें दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मसालों को बिल्कुल बारीक नहीं पीसना है।
इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें और फिर ठंडा होने के लिए रख दें। अब एक बड़े और सूखे बर्तन में गोभी डालें। इसमें पिसे हुए मसाले, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और हींग मिलाएं।
अब इसमें ठंडा किया हुआ सरसों का तेल और सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें। अचार मिलाते समय ध्यान रखें कि आपके हाथ साफ और सूखे होने चाहिए।
तैयार अचार को एक साफ और सूखे कांच के कंटेनर में भर दें। ऊपर से थोड़ा सरसों का तेल डालें, ताकि गोभी अच्छी तरह तेल में ढकी रहे। इसके बाद कंटेनर का ढक्कन कसकर बंद कर दें। इसे 2 से 3 दिन के लिए रख दें और रोज एक साफ व सूखे चम्मच से अचार को चलाते रहें। तीन दिन बाद आपका स्वादिष्ट गोभी का अचार बनकर तैयार हो जाएगा।