Winter Healthy Recipe: सर्दियों के मौसम में आंवला आसानी से मिल जाता है। यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। भले ही इसका स्वाद खट्टा होता है, लेकिन यह शरीर के लिए कई तरह से लाभकारी है। आप इससे कैंडी तैयार करके बच्चों से लेकर बड़ों तक को खिला सकते हैं। बाजार में मिलने वाली आंवला कैंडी खाने में काफी अच्छी लगती है। ऐसे में आप इसे घर पर भी बनाकर ट्राई कर सकते हैं। इस बीच आज हम आपको घर पर खट्टी-मीठी आंवला कैंडी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे आप बच्चों से लेकर बड़ों तक को खाने के लिए दे सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

सामग्री

400 ग्राम आंवला।

50 ग्राम चीनी।

आधा चम्मच काला नमक।

काली मिर्च पाउडर स्वादानुसार।

दो चुटकी नमक।

बनाने की विधि

आंवला कैंडी बनाने के लिए सबसे पहले बिना दाग वाले अच्छे आंवले खरीदें। इसके बाद इन्हें अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें आंवले डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। इन्हें इतना पकाना है कि इनकी कलियां आसानी से अलग हो जाएं।

अब आंवलों को पानी से निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने पर इनके बीज निकालकर कलियां अलग कर लें। इसके बाद एक साफ और सूखे कांच के बर्तन में आंवले की कलियां रखें। इनके ऊपर चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। बर्तन को ढककर तीन दिन के लिए रख दें। ऐसा करने से आंवले में मिठास आ जाएगी और चीनी की चाशनी बन जाएगी। बीच-बीच में साफ और सूखे चम्मच से इन्हें चलाते रहें।

तीन दिन बाद आंवले की कलियों को चाशनी से अलग कर लें। अब इन्हें एक प्लेट में फैलाकर धूप में तब तक सुखाएं, जब तक इनकी नमी पूरी तरह खत्म न हो जाए।

जब आंवले अच्छी तरह सूख जाएं, तब इनमें काला नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर मिला लें। अगर आपको सादा नमक पसंद है, तो आप इसमें स्वादानुसार नमक भी मिला सकते हैं। इसके बाद कैंडी को अच्छी तरह ठंडा होने दें। आपकी खट्टी-मीठी आंवला कैंडी तैयार है।