Bharta Recipe: ज्यादातर घरों में बैंगन का भर्ता बनाकर खाया जाता है, लेकिन आलू टमाटर का भर्ता भी काफी ज्यादा स्वादिष्ट होता है। यह इतना टेस्टी बनकर तैयार होता है कि इंसान भूख न लगने पर भी दो रोटी ज्यादा खा लेता है। वहीं इसको बनाने के लिए ज्यादा मसाले का भी इस्तेमाल नहीं करना पड़ता है। ऐसे में आज हम आपके लिए भुने आलू और टमाटर का बहुत ही लाजवाब भर्ता बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं, जो खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होता है। तो चलिए जानते हैं आलू टमाटर का भर्ता बनाने की रेसिपी।

सामग्री
आलू - 3 उबले हुए 
टमाटर - 3
लहसुन - 5 कलियां 
हरी मिर्च - 2
प्याज - 1 
हरा धनिया - दो बड़े चम्मच 
सरसों का तेल - 2 बड़े चम्मच 
नींबू का रस - आधा चम्मच 
नमक - स्वादानुसार 
विधि 
- इसे बनाने के लिए आप सबसे पहले टमाटर हरी मिर्च और लहसुन की कलियों पर हल्का सा तेल लगा लें।
- इसके बाद आप गैस चूल्हे पर जाली रखकर सभी चीजों को मीडियम गैस पर भून लें।
- इसे आप अच्छे तरीके से घुमा घुमाकर भून लें। जब तक कि छिलका काला न पड़ जाए।
- अगर आप इन्हें अच्छे तरीके से भूनते हैं तो आपका भर्ता बहुत ही स्वादिष्ट बनता है।
- कच्चे आलू को भूनने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है, नहीं तो आलू अंदर से कच्चे रह जाते हैं। इसलिए आप उबले हुए आलुओं का इस्तेमाल करें।
- अब आप आलू को दो से तीन मिनट के लिए गैस की जाली पर भूनने के लिए रख दें।
- टमाटर लहसुन से उनका छिलका उतार कर रखें।
- फिर आप एक बड़े बर्तन में भुने हुए आलू, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च एक साथ डालें। सभी चीजों को हाथों से अच्छे से मैश कर लें।
- अब आप इसमें कटा हुआ प्याज, ताजा हरा धनिया, नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
- अब आप इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद इसमें आप नींबू का रस डालकर मिला लें।
 आपका भुने आलू टमाटर का भर्ता बनाकर तैयार है। इसे आप गरमा गरम रोटी के साथ सर्व करें।