शाम की चाय के साथ बिस्किट मिल जाएं तो मजा ही आ जाता है। ऐसे में लोग बाजार से मैदा वाले बिस्किट लाकर खाते हैं, जो उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। वहीं, आप घर पर भी गेहूं के आटे की मदद से हेल्दी बिस्किट बना सकते हैं, जिन्हें आप शाम की चाय के साथ एंजॉय कर सकते हैं। इस रेसिपी में हम आपको बहुत कम सामग्री से घर पर हेल्दी बिस्किट बनाने का तरीका बताएंगे। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।
सामग्री
गेहूं का आटा – 1 कप।
गुड़ पाउडर – आधा कप।
घी – 3 बड़े चम्मच।
बेकिंग पाउडर – आधा चम्मच।
इलायची पाउडर – 1 चुटकी।
ड्राई फ्रूट्स – 2 बड़े चम्मच।
तेल – 1 चम्मच।
दूध – जरूरत के मुताबिक।
विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा, बेकिंग पाउडर और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें घी डालें और अच्छी तरह मिलाएं, ताकि घी आटे में सही तरीके से मिल जाए।
- फिर इसमें पिसा हुआ गुड़ डालें और दूध डालते हुए आटे को अच्छी तरह गूंध लें। ध्यान रखें कि आटे को ज्यादा नहीं गूंधना है। बस हल्का नरम आटा तैयार करना है। ज्यादा गूंधने से बिस्किट सख्त हो सकते हैं।
- अब तैयार आटे को कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद बेलन की मदद से इसे थोड़ा मोटा बेल लें। फिर छोटे गिलास या कुकी कटर की मदद से गोल बिस्किट काट लें।
- अब अपनी पसंद के मुताबिक बिस्किट के ऊपर ड्राई फ्रूट्स लगाएं। इसके बाद ब्रश की मदद से थोड़ा तेल लगाएं और कांटे की मदद से बिस्किट पर हल्के निशान बना दें। इससे बिस्किट देखने में अच्छे लगेंगे और अच्छी तरह पक भी जाएंगे।
- इसके बाद बिस्किट को ओवन में बेक कर लें। अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो आप पैन में रखकर भी इन्हें पका सकते हैं। तैयार होने के बाद इन्हें ठंडा करें और शाम की चाय के साथ हेल्दी बिस्किट का आनंद लें।