Green Coriander Hacks: धनिया का इस्तेमाल ज्यादातर सब्जियों में किया जाता है। यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। वहीं, धनिया का इस्तेमाल करते समय इसकी डंठलों को लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। वहीं बहुत कम लोग जानते हैं कि जिसे आप बेकार समझ रहे हैं, वह आपके लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। इसमें बेहतरीन खुशबू के साथ भरपूर पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। आपको बता दें कि धनिया की डंठलों में विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो सेहत के लिहाज से बहुत लाभकारी होते हैं। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में बताएंगे कि आप डंठलों का किन-किन तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं।
हरी चटनी बनाने के लिए आमतौर पर धनिया की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है और डंठलों को बेकार समझकर फेंक दिया जाता है। लेकिन अगर आप चटनी का स्वाद बढ़ाना चाहते हैं और उसे गाढ़ा बनाना चाहते हैं, तो धनिया की पत्तियों के साथ डंठलों को भी बारीक काटकर पीस लें। इससे न केवल चटनी का स्वाद बढ़ेगा, बल्कि उसकी खुशबू भी बेहतर होगी। आप अदरक और लहसुन के साथ भी इन्हें पीसकर पेस्ट तैयार कर सकते हैं। यह पेस्ट कई दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
अगर आप सूप पीना पसंद करते हैं, तो धनिया की डंठलों का इस्तेमाल उसमें भी कर सकते हैं। चिकन सूप या वेजिटेबल सूप बनाते समय डंठलों को पकने के दौरान पानी में डाल दें। इससे सूप में ताजगी भरा स्वाद और बेहतरीन फ्लेवर आता है।
आप धनिया की डंठलों का इस्तेमाल दाल या सूखी सब्जी में तड़का लगाते समय भी कर सकते हैं। इसके लिए गर्म तेल में बारीक कटी डंठलों को हल्का भून लें। वहीं, पनीर या मीट की ग्रेवी को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाने के लिए टमाटर, प्याज और मसालों के साथ डंठलों को पीसकर मसाले में भून सकते हैं।
इसके अलावा, आप धनिया की डंठलों का पाउडर भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले डंठलों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। फिर इन्हें 2 से 3 दिन तक धूप में अच्छी तरह सुखाएं। इसके बाद मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर तैयार कर लें। जब घर में हरा धनिया खत्म हो जाए या उपलब्ध न हो, तब आप इस पाउडर का इस्तेमाल भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।