Rajasthan Sweet Recipe: मेहमानों के आने के बाद सबसे पहले दिमाग में मिठाई का ख्याल आता है। वहीं ज्यादातर लोग बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बचने के लिए घर पर ही कुछ मीठा बनाना पसंद करते हैं। लोग घर की बनी मिठाइयों को ही ज्यादा पसंद करते हैं। वहीं आज हम आपको इस लेख में राजस्थान की मशहूर दूध और बेसन से बनने वाली मिठाई के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका स्वाद एकदम शाही होता है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता है।
इस मिठाई को बनाने की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे या ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपको बता दें कि इसे बनाने के लिए सबसे पहले बेसन लेना है। इसे आप छलनी से छान लें। इसके बाद आपने जितना बेसन लिया है, उससे आधी मात्रा में दूध लेना है। अगर आपने दो कप बेसन लिया है तो फिर आप एक कप दूध लें। अब आप थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर चम्मच या व्हिस्क की मदद से घोल तैयार कर लें। फिर आप इसे थोड़ी देर के लिए रेस्ट के लिए रख दें।
इसके बाद आप एक जार में तीन चौथाई कप चीनी डालें और फिर इसमें कुछ इलायची के दाने भी डालें। थोड़ा सा जायफल का टुकड़ा डालकर बारीक पाउडर तैयार कर लें। फिर आप कढ़ाई में घी डालें और बिना गैस ऑन किए ही बेसन वाला घोल डाल दें। जब मिश्रण पूरी तरीके से मिल जाए तब आप गैस ऑन करें। आपको गैस बिल्कुल धीमी ही रखनी है। इसके बाद आप मिश्रण को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पकाएं।
इसके लिए आपको दो से तीन मिनट का समय लगेगा। जब मिश्रण हल्का गाढ़ा हो जाए, तब इसमें तैयार किया हुआ चीनी और इलायची का पाउडर डाल दें। फिर लगातार चलाते रहें। मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़ा हो जाएगा। इसके बाद आप इसे घी लगी थाली में डाल दें और अच्छे से फैला दें। ऊपर से पिस्ता या बादाम डालकर सजावट करें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए तब चाकू की मदद से इसे अपने मनपसंद आकार में काट लें। आपकी स्वादिष्ट मिठाई बनकर तैयार है।