Raita Recipe: गर्मियों के मौसम में आलू के पराठे जैसे भारी भोजन खाने का मन कम करता है। ऐसे में अक्सर लोगों का मन ठंडा और हल्का भोजन खाने का करता है। गर्मियों के मौसम में रायता काफी ज्यादा पसंद किया जाता है। इसके लिए कुछ लोग बूंदी, लौकी जैसी सब्जियों का रायता खाना पसंद करते हैं। लेकिन आज हम आपको बहुत ही टेस्टी दही फुल्की रायता बनाने के बारे में बताएंगे। इसका स्वाद तो काफी स्वादिष्ट होता ही है, इसके साथ इसे खाने के बाद शरीर को ठंडक भी मिलती है। तो चलिए जानते हैं कि आपको किस तरीके से दही फुल्की रायता तैयार करना है।
इस तरह तैयार करें रायता
यह रायता साधारण रायते से थोड़ा अलग और ज्यादा टेस्टी होता है। क्योंकि इसमें दही के साथ बेसन की छोटी-छोटी फुल्कियां बनाकर डाली जाती हैं। आपको सबसे पहले फुल्कियां तैयार करनी हैं। इसके लिए आप एक कटोरी बेसन लें। इसमें थोड़ा सा नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर मिला लें। अब आपको थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसका गाढ़ा घोल तैयार करना है। फिर आप इस घोल को एक ही दिशा में 5 मिनट के लिए फेंटें। इसके बाद कढ़ाई में तेल गर्म कर लें।
अब उसमें तैयार बैटर से छोटी-छोटी फुल्कियां डालकर फ्राई कर लें। इन्हें निकालकर तुरंत सामान्य पानी में डाल दें। 2 मिनट बाद आप इन्हें हाथ से निचोड़कर पानी निकाल लें और अलग रख दें।
फिर आप एक बड़े बर्तन में ताजा दही को अच्छे से फेंट लें। उसके बाद इसमें नमक, भुना जीरा पाउडर और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर मिला लें। इसमें थोड़ा पतला करने के लिए ठंडा पानी डाल दें। आप चाहें तो बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Moong Dal Uttpam: आज नाश्ते में बनाकर खाएं मूंग दाल उत्तपम, नोट करें रेसिपी
अब इसमें निचोड़ी हुई फुल्कियों को एक-एक करके डाल दें। इसके बाद एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें जीरा व सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का लगा लें। इस तड़के को तैयार रायते के ऊपर डाल दें।
आपका ठंडा-ठंडा दही फुल्की रायता बनकर तैयार है। इसे आप भोजन के साथ सर्व कर सकते हैं।