Chakli Recipe: शाम की चाय के साथ अगर कुछ क्रिस्पी और स्वादिष्ट खाने का मन है, तो ऐसे में आप चकली खा सकते हैं। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को बहुत पसंद आती है। इसके लिए लोग अक्सर मार्केट की चकली खरीदकर खाते हैं, लेकिन आपको बता दें कि आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। इस बीच आज हम आपको बेसन और चावल के आटे से बनी कुरकुरी चकली बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिससे आप इसे आसानी से घर पर बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।
सामग्री
बेसन – 2 कप।
चावल का आटा – 1 कप।
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटी चम्मच।
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच।
अजवाइन – 1/2 चम्मच।
तेल – 1 बड़ा चम्मच।
नमक – स्वादानुसार।
तलने के लिए तेल।
विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन, चावल का आटा, तेल, अजवाइन, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें थोड़ा घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिला लें। फिर इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम या ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए।
अब चकली मेकर में स्टार शेप वाली प्लेट लगाएं और उसमें तैयार आटा भर दें। इसके बाद किसी प्लास्टिक शीट या बटर पेपर पर हल्का तेल लगाकर चकली मेकर की मदद से गोल-गोल चकली बनाएं। चकली बनाते समय ध्यान रखें कि इसकी मोटाई एक जैसी रहे और यह टूटे नहीं।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार चकली को सावधानी से तेल में डालकर फ्राई करें। इसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इसके बाद चकली को निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।
ठंडी होने के बाद इसे चाय के साथ सर्व करें और घर पर बनी कुरकुरी चकली का स्वाद लें।