Crispy Pakora Tips:शाम की चाय के साथ पकोड़े खाने का मजा ही अलग होता है। वहीं, कई बार देखा जाता है कि बेसन के पकोड़े बनाने के कुछ देर बाद नरम हो जाते हैं। ऐसे में इन्हें खाने का मजा नहीं आता। पकोड़े जब तक कुरकुरे न हों, खाने का स्वाद नहीं आता। तो आज हम आपको बताएंगे कि आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि आपके पकोड़े लंबे समय तक कुरकुरे बने रहें। तो चलिए जानते हैं इन आसान टिप्स के बारे में।

चावल का आटा मिलाएं: बेसन के पकोड़े बनाते समय उसमें चावल का आटा मिला लें। ऐसा करने से पकोड़े तलने के बाद लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं। इसके लिए आप एक कप बेसन में कम से कम दो बड़े चम्मच चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें और फिर बैटर तैयार करें।

कॉर्न फ्लोर का करें इस्तेमाल: पकोड़ों को कुरकुरा बनाने के लिए आप कॉर्न फ्लोर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कप बेसन में दो चम्मच कॉर्न फ्लोर मिलाएं। ऐसा करने से पकोड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम बनते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि बैटर में कॉर्न फ्लोर की मात्रा ज्यादा न हो, वरना पकोड़े ज्यादा सख्त हो सकते हैं।

ठंडे पानी से तैयार करें बैटर: बहुत कम लोग जानते हैं कि अगर बेसन का बैटर ठंडे पानी से तैयार किया जाए, तो पकोड़े तलते समय कम तेल सोख सकते हैं। इसलिए कोशिश करें कि पकोड़ों का बैटर तैयार करने के लिए ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। इससे पकोड़े हल्के और कुरकुरे बन सकते हैं।