Breakfast Recipe:घर में बची हुई रोटी को लेकर अक्सर महिलाएं परेशान रहती हैं, क्योंकि समझ नहीं आता कि बची रोटी का क्या किया जाए। कई बार लोग इसे फेंक देते हैं, लेकिन अब आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको बताएंगे कि बची हुई रोटी से आप बहुत ही टेस्टी नाश्ता बना सकते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। तो चलिए जानते हैं बची हुई रोटी से कटलेट बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री:
3 बची हुई रोटियां, 1 प्याज, 1 हरी मिर्च, 2 उबले हुए आलू, 2 बड़े चम्मच शिमला मिर्च, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच जीरा पाउडर, 1 चम्मच चाट मसाला, आधा चम्मच नमक, 1 बड़ा चम्मच बेसन और जरूरत के मुताबिक तेल।
विधि:
कटलेट बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई रोटियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। इसके बाद एक बड़े कटोरे में उबले हुए आलू लेकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब इसमें रोटी के टुकड़े डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं। अगर मिश्रण ज्यादा चिपचिपा लग रहा है, तो इसमें बेसन डालकर दोबारा अच्छी तरह मिला लें।
इसके बाद हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा लेकर मनचाहे आकार के कटलेट तैयार कर लें। अब इन्हें गर्म तेल में डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें। आप चाहें तो कटलेट को पैन में भी दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक सकते हैं।
तैयार रोटी कटलेट को गर्मागर्म चाय या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें। यह स्वादिष्ट नाश्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा।