Amla Pickle Recipe: सर्दी का मौसम आते ही बाजार में आंवला आने लगता है। यह खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। आंवले का अचार खाने में काफी स्वादिष्ट होता है। लोग इसका मुरब्बा और चटनी बनाकर भी खाते हैं। लेकिन अगर आप कुछ चटपटा खाना चाहते हैं, तो इसके लिए आंवले का अचार बनाकर खा सकते हैं। अगर आप आंवले का अचार बनाने की सोच रहे हैं, तो इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। सबसे पहले आपको आंवले का सही चयन करना होगा। मसालों की सही मात्रा और अचार को रखने का तरीका भी सही होना चाहिए। आंवले का अचार बनाने के लिए सर्दी का मौसम सबसे अच्छा होता है। इस समय बाजार में ताजे आंवले आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में अचार बनाने के लिए बड़े, ताजे और बिना दाग-धब्बे वाले आंवले चुनने चाहिए। ध्यान रखें कि आंवले न तो ज्यादा नरम हों और न ही खराब हों। आंवले अच्छे और ताजे होने चाहिए। उन पर काले निशान नहीं होने चाहिए। इसके अलावा, धोने के बाद उन्हें पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है।
आंवले का अचार बनाने के लिए सामग्री
आंवला – 500 ग्राम
सरसों का तेल – 3 बड़े चम्मच
सौंफ – 2 बड़े चम्मच
पीली सरसों – 1 बड़ा चम्मच
मेथी दाना – आधा छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हींग – 1 चुटकी
इस विधि से बनाएं आंवले का अचार
आंवले का अचार बनाने के लिए सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उन्हें कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि उनमें बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए, नहीं तो आपका अचार जल्दी खराब हो सकता है।
अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें आंवले डालकर उबाल लें। आंवले नरम होने पर उनका पानी निकाल दें और उन्हें ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने के बाद आंवलों की कलियां अलग कर लें और उनकी गुठलियां निकाल दें।
इसके बाद सौंफ और पीली सरसों को हल्का दरदरा पीस लें। अब एक बर्तन में सभी मसाले डालें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च, नमक और हींग डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें और उसे थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद आंवले के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें तैयार मसाला डालें और सभी टुकड़ों पर मसाले को अच्छी तरह लगा दें।
जब अचार पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख दें। ध्यान रखें कि जार में बिल्कुल भी पानी या नमी नहीं होनी चाहिए। इससे आपका आंवले का अचार जल्दी खराब नहीं होगा।